बांदा। ममेरी बहन की शादी समारोह में आए किशोर की बिजली खंभे के सपोर्टिंग तार में करंट आने से मौत हो गई। हादसे से शादी कार्यक्रम में ग्रहण लग गया।
हमीरपुर के मौदहा थाना क्षेत्र के बम्हरौली गांव निवासी अनुज पाल (15) अपने परिवार के साथ अपने ननिहाल में पैलानी थाना क्षेत्र के डाडामऊ गांव में अपनी ममेरी बहन कल्पना की शादी में आया था। अनुज के चाचा बलजीत पाल ने बताया कि रविवार की रात नौ बजे घर में मायन का कार्यक्रम चल रहा था, तभी घर के बाहर दरवाजे के पास लगे सीमेंट के बिजली पोल के पास अनुज पाल खेल रहा था, अचानक पोल से निकले सपोर्टिंग तार में करंट आने से उसने जैसे ही बिजली पोल को छुआ, उसमें आ रहे करंट से वह अचेत होकर गिर गया। परिजन उसे लेकर जसपुरा सीएचसी पहुंचे वहां उसने दम तोड़ दिया। वह दो भाइयों में छोटा 9वीं का छात्र था। पिता राजू उर्फ गोरेलाल मजदूरी करते हैं। घर में मां गंगावती हैं। पैलानी थाना इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि बिजली पोल में करंट आने से मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।