बांदा। संदिग्ध हालात में कानपुर पैसेंजर ट्रेन में अकेले सफर करते हुए किशोरी मिली। यात्रियों की सूचना पर उसे जीआरपी और आरपीएफ ने नीचे उतार लिया है। पूछताछ के बाद उसे वन स्टाप सेंटर की सुपुर्दगी में दिया गया। वहां से उसे चाइल्ड वेलफेयर सेंटर भेजा गया।
कानपुर के घाटमपुर की रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी खजुराहो जा रही पैसेंजर ट्रेन में अकेली सफर करते हुए मिली। जीआरपी और आरपीएफ कर्मी ट्रेन में जांच के लिए चढ़े तो किशारी की स्थिति संदिग्ध दिखाई पड़ी। पूछने पर किशोरी कुछ भी बताने को तैयार नहीं थी। इस पर उसे बांदा स्टेशन में उतार लिया गया। थाने ले जाकर उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि वह घर से नाराज होकर निकली है।
आरपीएफ व जीआरपी ने उसके बताए पते और फोन नंबर पर बात की तो उसके पिता और परिजन आ गए हैं। आरपीएफ एसआई वेक्टर लाकरा ने बताया कि किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा गया है। वहां वन स्टाप सेंटर कर्मियों से उसकी काउंसिलिंग भी कराई गई उसके बाद उसे चाइल्ड वेलफेयर सेंटर भेजा गया। वहां से सोमवार को उसके माता-पिता की सुपुर्दगी में दिया गया है।