नरैनी। मित्रों के साथ केन नहर में नहाने गए किशोर की पानी में डूबकर मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के गंगा पुरवा गांव निवासी सत्यम (12) गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर केन नहर बांदा ब्रांच में गांव के ही दोस्तों के साथ नहाने गया था। नहाते वक्त वह गहरे पानी में समा गया। नहा रहे अन्य मित्रों ने गांव पहुंचकर घटना की सूचना परिजनों को दी। गांव के लोगों ने पुलिस व सिंचाई विभाग को घटना से अवगत कराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि तहसील के अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी मौके पर कोई नहीं पहुंचा। गांव के तैराकों की मदद से लगभग एक घंटे के बाद किशोर को पानी से निकाल कर सीएचसी ले गए। वहां डाॅ. दिनेश राजपूत ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में नायब तहसीलदार हेमंत पटेल व लेखपाल ने पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
पिता अनिल पाठक ने बताया की सत्यम कक्षा छह का छात्र था। गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ता था। वह चार भाइयों व एक बहन में तीसरे नंबर का था। बता दें कि सिंचाई विभाग ने दो दिन पहले ही केन नहर में पानी छोड़ा था। नरैनी कोतवाल सुरेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।