बांदा जिले के अतर्रा थाना क्षेत्र में सूने घर में किशोरी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। खेतों से लौटे भाई ने शव लटका देखा, तो घटना की जानकारी हुई। परिजनों ने आत्महत्या का कारण पता होने से इनकार किया है। अतर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम खटौरा निवासी शत्रुघ्न मौर्य की पुत्री नीतू 18 ने बुधवार को घर में साड़ी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुबह पिता, भाई अज्जू व मां सुशीला खेतों में धान की बेड लगाने गए थे। बहन घर में खाना बनाने के लिए रुक गई थी। दोपहर बाद खाना खाने घर आए भाई ने दरवाजा बंद देख नीतू को आवाज लगाई, लेकिन काफी देर होने के बाद भी जवाब न मिलने पर पड़ोसी की छत से घर पहुंचा। तब घटना की जानकारी हुई।
अज्जू ने बताया कि सुबह सब ठीक था। बहन स्वयं ही खाना बनाने की बात कह घर में रुक गई थी। पता नहीं उसने यह कदम क्यों उठा लिया। थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह का कहना है कि आत्महत्या का कारण जानने के लिए पड़ताल की जा रही है। पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।