चित्रकूट। रविवार को सुबह से ही आसमान में बादल छा गए। दोपहर से तेज आंधी और रिमझिम शुरू हो गई। आंधी से 12 से अधिक बिजली के खंभे गिर गए। कई स्थानों पर पेड़ों के गिरने से आवागमन बाधित हो गया। शहर समेत 50 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप रही। इससे लोग परेशान रहे।
जिला मुख्यालय कर्वी सहित राजापुर, मानिकपुर, पहाड़ी, भरतकूप क्षेत्र में आंधी आने से ग्रामीण क्षेत्रों में कई स्थानों पर पेड़ गिर गए। भरतकूप क्षेत्र के घुरेहटनपुर रास्ते पर पेड़ गिरने से आवागमन कुछ देर के लिए बाधित रहा। आंधी से कई स्थानों पर बिजली के खंभे गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
राजापुर क्षेत्र के कुसिया पुरवा का रुपौलिहा टोला, चिल्लीमल, चिल्ली राकस, बिहरवां, बरद्वारा, पहाड़ी क्षेत्र में भानपुर कलवारा, सिधौली, पनौटी, सगवारा, भरतकूप क्षेत्र में मानपुर, सिलखोरी, घुरेहटनपुर, रौली कल्याणपुर में विद्युत आपूर्ति बंद हो गई।
मानिकपुर क्षेत्र में कस्बा समेत पटा, ऊंचाडीह, रानीपुर, मारकुंडी, टिकरिया व बरगढ़ क्षेत्र के कई गांवों समेत तकरीबन 50 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके चलते पानी की आपूर्ति शहर के कुछ मोहल्लों व पहाड़ी क्षेत्र के गांवों में नहीं हो सकी। हैंडपंपों से पानी भरने के लिए लाइन लगी रही। साइकिलों पर पानी के डिब्बे रखकर घर ले गए।
उधर, बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि आंधी आने से कुछ स्थानों पर बिजली के खंभे गिर गए हैं। कर्मचारियों को लगाकर कार्य कराया जा रहा है। जल्द ही आपूर्ति बहाल हो जाएगी।
खेताें में कटी पड़ीं फसलें उड़ीं
आंधी से खेतों में कटी किसानों की फसलें उड़ गईं। बूंदाबांदी होने से किसान चिंतित नजर आए। मारकुंडी के किसान भोला द्विवेदी, राजेश द्विवेदी, कसहाई के किसान उमेश सिंह ने बताया कि अभी भी कुछ किसानों की फसलें खेत में कटी पड़ी हैं। यदि बारिश अधिक हो गई तो भारी नुकसान हो सकता है।