जसपुरा। घर के आंगन में लगे नीम के पेड़ से फंदा लगाकर युवक ने जान दे दी। थाना क्षेत्र के नादादेव गांव निवासी देशराज (45) ने मंगलवार दोपहर घर के आंगन में लगे नीम के पेड़ में रस्सी से फंदा लगा लिया। बड़े भाई कृष्णपाल ने शव फंदे से लटका देखा तो परिजनों को जानकारी हुई। भाई ने बताया कि देशराज अपने मकान में अकेला रहता था, वह तीन भाई व दो बहन हैं। देशराज अविवाहित था। पिता कल्लू 15 साल से लापता हैं। पिता के नाम नौ बीघा जमीन है। देशराज ने पांच बीघा में चना बोया था। चने की फसल काटी गई तो महज 10 किलो चना निकला। इसी के चलते उसने खुदकुशी की है। जसपुरा इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला खुदकुशी का है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)