अतर्रा। मंगलवार की शाम को बाजार जाने के लिए घर से निकला छात्र लापता हो गया। देर शाम तक जब वह वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करते हुए सुरागरसी शुरू कर दी है। छात्र के परिजन भी तलाश में जुटे हुए हैं।
कस्बे के बांदा रोड स्थित स्कूल के पास रहने वाले लवलीन कुमार गुप्ता ने अतर्रा कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनका 16 वर्षीय पुत्र शोभित कुमार 2 अप्रैल की शाम को घर से बाजार जाने के लिए निकला था। देर शाम तक जब वह घर वापस नहीं लौटा तो उसकी तलाश की गइ। रिश्तेदारी और संभावित ठिकानों पर पता किया गया, लेकिन बेटे का कुछ पता नहीं चला।
पिता लवलीन की तहरीर पर अतर्रा पुलिस ने अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही छात्र को बरामद करने के लिए सुरागरसी शुरू कर दी है। इधर, चार दिनों से परिवार के लोग भी शोभित की तलाश में जुटे हुए हैं। लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। छात्र के लापता होने के कारण परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अतर्रा कोतवाली प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने के साथ ही छात्र की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही छात्र को बरामद कर लिया जाएगा। परिजनों से भी पूछतांछ की जा रही है। हालांकि अभी तक परिजनों के पास किसी भी प्रकार की फोन काल भी नहीं आई है।