बांदा। विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी पूर्व सांसद माफिया अतीक अहमद के करीबी जफर अहमद के मोहल्ला गूलरनाका स्थित दोनों मकानों पर एसपी अभिनंदन, एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र और सीओ ने कई थानों की फोर्स के साथ सोमवार की रात करीब आठ बजे दबिश दी। एसपी ने परिजन से पूछताछ की।
मोहल्ला गूलरनाका में जफर के दो घर हैं। एक में उसकी बहन शहनाज और दूसरे में अजरा रहती हैं। रात को एसपी फोर्स के साथ पहुंचे। करीब एक घंटे रुके। पुलिस विभाग के सूत्रों के अनुसार पहले घर में एसपी व अन्य अफसरों ने जफर के बारे में परिजनों से पूछताछ की।
उनके मोबाइलों की कॉल डिटेल भी खंगाली गई। करीब नौ बजे यहां से एसपी, एएसपी व सीओ निकले गए। इसके बाद शहर कोतवाल श्यामबाबू शुक्ला फोर्स के साथ काफी हाउस वाले मकान पर पहुंचे। यहां पर नौ बजकर 20 मिनट तक घर की तलाशी लेकर परिजन से पूछताछ कर निकल गए।
एसपी अभिनंदन ने बताया कि राजूपाल हत्याकांड को लेकर जफर अहमद और उसके परिजनों से जांच में पुलिस का सहयोग करने के लिए कहा जा रहा है, लेकिन वे लोग सहयोग नहीं कर रहे हैं। इसी प्रकरण को लेकर घरों की तलाशी ली गई। फिलहाल कुछ संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं मिली है। कई अन्य बिंदुुओं पर भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मीडिया को जानकारी दी जाएगी।