बांदा। शहर में राशन की दुकानों पर निशुल्क राशन के साथ कार्डधारकों को जबरन लोकल कंपनी का 100 रुपये का साबुन, डिटर्जेंट पाउडर आदि सामान दिया जा रहा है। शिकायत पर जिला पूर्ति अधिकारी बोले जांच कराएंगे।
सरकार गरीबों को निशुल्क राशन दे रही है, ताकि कोई व्यक्ति भूखा न रहे, लेकिन राशन की दुकानों पर कार्डधारकों को 100 रुपये का साबुन व डिटर्जेंट पाउडर दिया जा रहा है। भोला दुबे ने बताया कि साबुन, डिटर्जेंट पाउडर लेने से मना करने पर राशन देने में आनाकानी करते है। पॉस मशीन में अगूंठा न लगने की बात कहकर लौटा दिया जाता है। रमईया का कहना है कि राशन की दुकान पर दिया जाने वाला साबुन व डिटर्जेंट पाउडर बेहद घटिया है। 100 रुपये बेकार चले जाते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी उबैदुर्रहमान का कहना है कि शासन के निर्देश है कि राशन की दुकान पर खाद्यान्न सामग्री के अतिरिक्त दुकानदार अपनी आय बढ़ाने के लिए अन्य सामान भी रख सकता है। जन सेवा केंद्र के माध्यम से जन कल्याणकारी योजनाओं के आवेदन भी कर सकता है, लेकिन दुकानदार किसी उपभोक्ता को सामान खरीदने के लिए मजबूर नहीं कर सकता। उपभोक्ता स्वेच्छा से सामान ले सकता है। मामले की जांच कराएंगे यदि ऐसा हो रहा है तो संबंधित राशन विक्रेता के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।