नरैनी। बहन को ससुराल छोड़ने जा रहे युवक की बाइक में पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में बहन की मौत हो गई।
भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। तीन वर्षीय बच्ची हादसे में बाल बाल बच गई। गंभीर रूप से घायल भाई को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
कालिंजर थाना क्षेत्र के विज्जु पुरवा गांव का प्यारे (25) वर्ष पुत्र रामआसरे बुधवार को बाइक से बहन रामप्यारी (30) वर्ष पत्नी कमलेश को उसके ससुराल ग्राम चंदौरा जिला छतरपुर मध्यप्रदेश छोड़ने जा रहा था। बाइक पर रामप्यारी की तीन साल की बेटी बिट्टी भी थी।
करतल मुख्यमार्ग पर लहुरेटा गांव के पास सामने से पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे तीनों बाइक समेत उछलकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरे। राहगीरों ने घायलों को गड्ढे से निकाल कर पुलिस को सूचना दी। दरोगा शिवरतन गुप्ता ने घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
डॉक्टर ने रामप्यारी को मृत घोषित कर दिया। हालत गंभीर होने पर प्यारे को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे में बच्ची बाल-बाल बच गई। पुलिस ने बताया कि पिकअप को कब्जे में लिया है। परिजन को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।