बांदा। समीक्षा अधिकारी (आरओ) और सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) की प्रारंभिक परीक्षा रविवार को जिले के 20 केंद्रों पर होगी। इसमें 8428 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। एडीएम अभिताभ यादव ने लोक सेवा आयोग के अधिकारियों, स्टेट्रिक मजिस्ट्रेट और प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर सीसीटीवी, वॉइस रिकॉर्डर समेत अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में सुबह साढ़े नौ बजे से 11:30 तक सामान्य अध्ययन और दूसरी पाली में दोपहर 2:30 बजे से 3:30 बजे तक सामान्य हिंदी का पेपर होगा।
नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा कराने के लिए अपर जिलाधिकारी अभिताभ यादव ने लोक सेवा आयोग के अधिकारियों, स्टेट्रिक मजिस्ट्रेट और प्रधानाचार्यों के साथ बैठक की। कमरों में अभ्यर्थियों के बैठने की संख्या, सीसीटीवी, वॉइस रिकॉर्डर, शौचालय, प्रकाश आदि के बारे समीक्षा की।
डीआईओएस विजयपाल सिंह ने बताया कि आरओ/एआरओ की प्रारंभिक परीक्षा के 20 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के लिए 8428 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को जायजा लिया गया।
इन केंद्रों पर होंगी परीक्षाएं
बांदा के आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, फातिमा गर्ल्स इंटर कॉलेज, खान काह इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, राजीव गांधी महाविद्यालय, सरस्वती बालिका विद्या मंदिर, सरस्वती विद्या मंदिर, भागवत प्रसाद मेमोरियल कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। पंडित जवाहर लाल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डीआर पब्लिक इंटर कॉलेज, सेंट मैरिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राजा देवी इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र हैं। इसके अलावा शहर से बाहर तिंदवारा इंटर कॉलेज तिंदवारा, पंडित जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज गिरवां, राजकुमार इंटर कॉलेज नरैनी, विवेकानंद इंटर कॉलेज नरैनी, सत्यनारायण इंटर कॉलेज तिंदवारी, जेपी शर्मा इंटर कॉलेज में भी परीक्षाएं होंगी।