बांदा। शहर के एक डायग्नोस्टिक सेंटर के खिलाफ अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट गलत देने पर पीड़ित ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर शिकायत की है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के महोखर गांव निवासी शिवप्रताप सिंह ने जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी निधि सिंह की गर्भावस्था की नियमित जांच के लिए शहर के एक डायग्नोस्टिक सेंटर में जांच कराई थी। जांच रिपोर्ट में दर्शाया गया था कि गर्भस्थ शिशु मृत हो चुका है। रिपोर्ट से व्यथित होकर उसकी पुन: पुष्टि के लिए दूसरे डायग्नोस्टिक सेंटर में जांच कराई तो रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि गर्भस्थ शिशु पूर्णत: स्वस्थ है। पीड़ित ने डायग्नोस्टिक सेंटर की इस लापरवाही पर आरोप लगाया कि यह लापरवाही लापरवाह चिकित्सीय व्यवहार को दर्शाती है। जिससे उसकी पत्नी और गर्भस्थ शिशु की जान को भी खतरा हो सकता था। पीड़ित ने सौंपे गए ज्ञापन में आरोपी डायग्नोस्टिक सेंटर के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन देने में शिव प्रताप सिंह, राहुल सिंह, अभय प्रताप सिंह, शैलेंद्र वर्मा, पीयूष वर्मा, संदीप यादव, अंकुर तिवारी, भूपेंद्र सिंह, राज गुप्ता, शत्रुघन सिंह, राहुल वर्मा आदि शामिल रहे।