बांदा। जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टर व कर्मियों द्वारा महिला के तीमारदारों से की गई मारपीट की घटना में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर डॉक्टर, वार्ड ब्वॉय, फार्मासिस्ट व पांच अज्ञात पर मारपीट की धारा में कोतवाली नगर में रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, डॉक्टर की ओर से भी महिला के परिजनों द्वारा अभद्रता करने की तहरीर दी गई है।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के अहार गांव निवासी निबिहापुरवा निवासी कमलिया देवी (50) ने घरेलू कलह के चलते घर में फंदा लगा लिया था। परिजन उसे लेकर बबेरू सीएचसी पहुंचे थे। वहां से जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया था। जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में शाम पांच बजे के करीब कमलिया का देवर शिवशंकर व उसकी रिश्तेदार महिलाएं कमलिया को लेकर पहुंची थीं। कोतवाली में दी तहरीर में शिवशंकर ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर में तैनात ईएमओ डॉ. प्रदीप गुप्ता ने अपने एक सहयोगी के माध्यम से इलाज के लिए 15 हजार रुपये की मांग की।
आरोप है कि उसने इतना पैसा देने से असमर्थता जताई तो उन्होंने उसके साथ अभद्रता की। वार्ड ब्वॉय रिषभ व फार्मासिस्ट विजय सिंह व चार-पांच अज्ञात लोगों ने उसे डॉक्टर के चेंबर में ही पकड़ लिया और लात-घूंसों से मारा पीटा। उसके बाद वह उसे घसीट कर ट्राॅमा सेंटर में खाली पड़ी पुलिस चौकी में ले गए। वहां दरवाजा बंद कर उसकी रिश्तेदार महिला सीमा व ननकी देवी को पीटा। तहरीर के आधार पर कोतवाली में डॉ. प्रदीप गुप्ता, वार्ड ब्वॉय रिषभ व फार्मासिस्ट विजय सिंह व पांच अज्ञात पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। उधर, डॉ. प्रदीप गुप्ता ने भी कोतवाली में महिला के परिजनों द्वारा अभद्रता किए जाने की तहरीर दी है। दूसरे दिन ट्राॅमा सेंटर में दो पुलिस कर्मी तैनात रहे। वहीं आरोपी ईएमओ डॉ. प्रदीप गुप्ता ड्यूटी करते नजर आए।
शहर कोतवाल अनूप दुबे ने बताया कि शिवशंकर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। डॉक्टर द्वारा दी गई तहरीर पर जांच की जा रही है।