फोटो-24बीएनडीपी-04 : रामबाबू तिवारी।
जल संरक्षण अभियान पर प्रधानमंत्री कर चुके हैं उनकी सराहना
जल शक्ति मंत्रालय से मिल चुका ‘सेव वाटर हीरो अवाॅर्ड’
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। अधांव गांव निवासी और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के शोध छात्र रामबाबू तिवारी 25 व 26 मार्च को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय सम्मेलन में शैक्षणिक शोध पत्र पेश करेंगे। यह पहला अवसर होगा जब बांदा का शोध छात्र बुंदेलखंड में जल संरक्षण संवर्धन के लिए किए गए प्रयासों को शैक्षणिक शोध पत्र के माध्यम से राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रस्तुत करेगा। उनके जल संरक्षण अभियान की सराहना प्रधानमंत्री अपने मन की बात में कर चुके हैं।
जेएनयू में आयोजित सम्मेलन में शोध पत्र प्रस्तुतीकरण का विषय- बुंदेलखंड के बांदा जिले के अधांव गांव में चलाए गए अभियान खेत का पानी खेत में, गांव का पानी गांव में, मिशन और तालाब संरक्षण संवर्धन में स्थानीय समुदाय की क्या भूमिका रही है? आदि है।
रामबाबू तिवारी वर्ष 2011 से तालाब एवं जल संरक्षण संवर्धन के लिए कार्य कर रहे हैं। इसी को उन्होंने अपने शोध का विषय भी चुना है। इनके द्वारा चलाए गए अभियान की सराहना 27 जून 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मन के बात कार्यक्रम में कर चुके हैं। रामबाबू को जल संरक्षण संवर्धन के लिए भारत के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा ’सेव वाटर हीरो अवाॅर्ड’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।