नरैनी। महुआ ब्लॉक के हुसैनपुर गांव के प्रधान प्रतिनिधि संतराम शिवहरे ने जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र सौंपकर आपूर्ति विभाग के कर्मचारियों पर अनियमितता का आरोप लगाया है। बताया कि गांव में अंत्योदय राशन कार्ड के 76 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित है। आपूर्ति कार्यालय के कर्मचारियों ने एक अंत्योदय कार्ड को निरस्त कर किसी अन्य ग्राम पंचायत में स्थानांतरित कर दिया। कहा कि इस संबंध में करीब एक माह पूर्व आपूर्ति निरीक्षक को कार्रवाई रजिस्टर सहित आवश्यक अभिलेख उपलब्ध करा दिए गए थे, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके साथ ही गांव के एक कार्ड को निरस्त करने खुली बैठक में अन्य लाभार्थी का नाम प्रस्तावित कर भेजा गया था, लेकिन उसे अभी तक कार्ड का लाभ नहीं दिया गया। प्रधान प्रतिनिधि ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है। (संवाद )