करतल (बांदा)। सिंचाई प्रखंड तृतीय के जूनियर इंजीनियर विकास कुमार की सुनियोजित तरीके से हत्या किए जाने के मामले पर कार्रवाई के लिए बांदा और पन्ना डीएम से फरियाद करने के बाद इंजीनियर्स संघ पदाधिकारी अजयगढ़ थाने पहुंच गए। वहां पर थानेदार बखत सिंह से न्याय दिलाए जाने की बात कही गई, लेकिन थानेदार ने संघ पदाधिकारियों से उल्टे ही सवाल करते हुए कहा कि जूनियर इंजीनियर की हत्या का प्रमाण दीजिए।
गौरतलब है कि जूनियर इंजीनियर की संदिग्ध मौत के मामले में थानेदार ने चार लोगों को पूछताछ के लिए पकड़ा था। चारों लोगों के बयानों में भिन्नता है। इससे स्पष्ट है कि जूनियर इंजीनियर की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई। मृतक के भाई रामराज ने भी हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों को पकड़े जाने की बात कही। लेकिन अजयगढ़ थानेदार ने इस मामले में लीपापोती कर डाली।
बाद में सिंचाई प्रखंड तृतीय के अधिशाषी अभियंता रामराज की अगुवाई में जिलाधिकारी बांदा और जिलाधिकारी पन्ना को ज्ञापन देते हुए मामले की सीबीआई जांच कराए जाने की मांग की गई, लेकिन अभी तक इस मामले पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। अधिशाषी अभियंता के मुताबिक अजयगढ़ थानेदार उनसे ही हत्या का प्रमाण मांगने लगे, ऐसे में न्याय की उम्मीद कैसे की जा सकती है। अधिशाषी अभियंता के मुताबिक सिंचाई मंत्री को पूरे मामले से अवगत कराते हुए न्याय दिलाने की मांग की गई है।