बांदा। एक सप्ताह पूर्व वृद्ध की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस को कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक हत्या में वृद्ध के करीबियों का ही हाथ है। पुलिस एक-दो दिन के अंदर इस हत्याकांड के रहस्य से पर्दा उठा सकती है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के पल्हरी गांव निवासी सीताराम राजपूत (72) की चार अक्तूबर की रात घर के आंगन में सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के समय उसकी पत्नी कुंवरियां बगल में पड़ी दूसरी चारपाई पर सो रही थी। खुलासे के लिए एसपी ने तीन टीमें लगाईं थीं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सीताराम की हत्या में उसके ही करीबियों का हाथ है। इस हत्या का एक-दो दिन के अंदर खुलासा हो सकता है। शहर कोतवाल अनूप दुबे का कहना है कि कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।