नेशनल हाइवे पर महावीरन के पास आंधी में गिरे पेड़ से अवरुद्ध सड़क।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। आंधी के एक झटके ने बुंदेलखंड में चल रहे वृक्षारोपण अभियान को तगड़ा झटका दिया। सैकड़ों भारी भरकम पेड़ जड़ों से उखड़ गए। हजारोें छोटे पौधे मिट्टी में मिल गए। बड़े पड़ों के गिरने से नेशनल हाइवे समेत कई मार्ग घंटों अवरुद्ध रहे। राहगीरों ने खुद अपने लिए रास्ता बनाया। बुंदेलखंड में हरित क्रांति के लिए कई वर्षों से करोड़ों रुपये खर्च कर पौध रोपण किया जा रहा है। मगर एक भी पौध कहीं सरसब्ज नहीं आ रहा। दूसरी तरफ आंधी इस अभियान की हवा बिगाड़ हुए है। आए दिन आंधी से हजारोें पेड़ धराशायी हो रहे हैं। पिछले दो दिनों से आंधी के झटकों में सैकड़ों पेड़ गिर गए। बुधवार को भी यह सिलसिला जारी रहा। इलाहाबाद रोड नेशनल हाइवे पर जगह-जगह दर्जनों भारी भरकम पुराने पेड़ सड़क पर आ गिरे। शहर के नजदीक महावीरन के पास कई पेड़ गिरने से हाइवे अवरुद्ध हो गया। प्रशासन या पीडब्ल्यूडी का कोई अमला रास्ता साफ करने नहीं पहुंचा। देर तक जाम रहा। बाद में राहगीरों ने खुद अपना रास्ता बनाया।