बांदा। रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज की ओपीडी परिसर में लगी डिजिटल एक्सरे की फिल्म एक सप्ताह से खत्म हैं। इस कारण मरीजों के एक्सरे मैनुअल मशीन से कराए जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज में दूसरी डिजिटल एक्स-रे मशीन की शिफ्टिंग का काम तेजी से कराया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज परिसर में सीटी स्कैन सेंटर के बगल से डिजिटल एक्स-रे मशीन लगवाई जा रही है। ऐसे में एक मशीन के खराब होने पर दूसरी मशीन से मरीजों के डिजिटल एक्स-रे किए जाएंगे। 15 दिनों में नई डिजिटल एक्स-रे मशीन चालू हो जाएगी, इससे मरीजों को परेशानी से निजात मिलेगी। उधर, प्राचार्य एसके कौशल ने बताया कि होली के कारण फिल्म मिलने में विलंब हुआ है। एक-दो दिन में फिल्म उपलब्ध हो जाएगी। फिलहाल मैनुअल मशीन से मरीजों के एक्सरे कराए जा रहे हैं।