बांदा। जिले के निवासी सैनिक की बुलेट बाइक एक वर्ष से जालंधर में है। बांदा की ट्रैफिक पुलिस ने नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाकर बुलेट का चालान काट दिया। मोबाइल पर मैसेज जाने पर सैनिक को जानकारी हुई। उन्होंने सीओ से शिकायत की है।
मथौंध थाना क्षेत्र के चिलेहटा निवासी कालका प्रसाद सेना में हैं। इस समय उनकी तैनाती पंजाब के जालंधर में है। वह अपनी बुलेट बाइक ( यूपी 90 एक्स 1558) वहीं रखते हैं।
सीओ को पत्र देकर कालका प्रसाद ने बताया कि 29 नवंबर को उनके मोबाइल नंबर पर मैसेज आया। उसमें बुलेट का बांदा में यातायात पुलिस द्वारा ऑनलाइन चालान करने की जानकारी दी गई है।
इसके बाद उन्होंने चालान की कॉपी निकलवाई। इसमें पता चला कि चालान किसी स्कूटी का है। जवान ने अपनी बुलेट का चालान कैंसिल करने की मांग की है।