बबेरू । ऑटो की टक्कर से बाइक सवार दो लोग गंभीर घायल हो गए। उसमें से एक की कानपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के तिंदवारी रोड साहू मोहल्ला निवासी नवल विश्वकर्मा (19) अपने मित्र रोहित गुप्ता (25) के साथ सोमवार की रात आठ बजे करीब दवा लेने जा रहा था। नहर पटरी के पास सामने से आए तेज रफ्तार ऑटो से उसकी भिड़ंत हो गई। बाइक चालक नवल हेलमेट नहीं लगाए था। हादसे में दोनों घायल हो गए। परिजन दोनों को सीएचसी ले गए। वहां से नवल को डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। रात में नवल को जिला अस्पताल से कानपुर ले जा रहे थे, तिंदवारी के पास उसने दम तोड़ दिया। मामा राजा विश्वकर्मा ने बताया कि तीन भाई व एक बहन में वह सबसे छोटा था। अहमदाबाद में बढ़ई गिरी का काम करता था। वह दीपावली में घर आया था। घर में मां जहरी देवी व पिता रामबाबू विश्वकर्मा हैं। वह अविवाहित था। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह का कहना है कि ऑटो की टक्कर से मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।