बांदा। दो अलग-अलग हुए सड़क हादसों में नौ लोग घायल हो गए। एक हादसा तिंदवारी थाना क्षेत्र के कुरसेजा धाम के पास हुआ इनमें पांच लोग घायल हुए। जबकि दूसरा हादसा अतर्रा में हुआ। इसमें चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।इनमें एक घायल की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
बांदा से सवारी भरकर तिंदवारी जा रहा टेंपों कुरसेजा धाम के पास देर शाम सामने से आई बाइक से टकरा गया। हादसे में टेंपो पलट गया। इसमें सवार तिंदवारी निवासी सुरेद्र सिंह (30) , दतरौली निवासी कमल (35), अदरी पैलानी निवासी रामहित (23), गोखरही निवासी जगनंदन (50), व फुल्ला पुरवा निवासी राजा (23) घायल हो गए। हादसा देख मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सभी घायलों को बाहर निकाला। उन्हे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
दूसरी घटना में अतर्रा कस्बा निवासी विज्ञान शुक्ला (35) शनिवार की शाम अपनी बेटी अंशिका (17) व भांजी सुदीक्षा (18) को कोचिंग सेंटर से बाइक में बैठाकर घर जा रहे थे। तभी सामने से आ रही बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। जिससे तीनों लोग घायल हो गए। बाइक सवार शक्तिपुरवा निवासी नीरज (18) भी घायल हो गया। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। वहां से डाॅक्टरों ने नीरज व अंशिका को जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। अंशिका की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।