बांदा। छात्रा प्रियांशी एक दिन की डीएम बनी तो पूरे सहज भाव से उन्होंने कलक्टर के सारे कामकाज भी निपटाए। डीएम की कुर्सी में बैठकर समस्याएं सुनी और अधिकारियों को समय से निस्तारण कराने के निर्देश दिए। छात्रा संस्कृति सीडीओ और वैष्णवी एसपी की भूमिका में रहीं।
महिलाओं को सशक्त और जागरूक बनाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से शुरू किए गए मिशन शक्ति अभियान-5 के तहत गुरुवार को आर्यकन्या इंटर कॉलेज की कक्षा 12वीं की छात्रा प्रियांशी सिंह डीएम की भूमिका में रहीं। कलक्ट्रेट में डीएम की कुर्सी में बैठकर उन्होंने जनसुनवाई की। एडीएम और अन्य अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की 12वीं की छात्रा वैष्णवी को पुलिस अधीक्षक तथा सरस्वती बालिका विद्या मंदिर इंटर कॉलेज केन पद बांदा की 12वीं की छात्रा संस्कृति सिंह को मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया। इन्होंने भी कार्यालय में बैठकर मामलों की सुनवाई की। जनसुनवाई के बाद डीएम व एसपी बनी छात्राओं ने महिला थाना व पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। आर्य कन्या इंटर कॉलेज व राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं को जागरूक किया। छात्राओं ने कहा कि एक दिन का डीएम व एसपी बनना हमारे लिए अविस्मरणीय अनुभव है। (संवाद)