अतर्रा। अधिकारियों की मनमानी ने लोगों को हैंडपंपों पर नहाने के लिए मजबूर कर दिया है। करीब 15 दिन पहले पाइप लाइन बदलने का काम शुरू किया गया था, लाइन तो पड़ गई, लेकिन अभी तक कनेक्शन नहीं किए गए हैं। लिहाजा मोहल्ले के 10 से 15 घरों में अभी भी नलों से पानी नहीं पहुंच रहा है। नगर पालिका व और जलकल विभाग के अधिकारी एक दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं।
नगर पालिका की ओर से वार्ड संख्या 10 के भवानीगंज मोहल्ले में करीब 650 मीटर की नई पाइप लाइन बिछाई गई है। जर्जर लाइन हटाकर नई लाइन बिछा दी गई है, लेकिन घरों में लगे नलों से अभी तक पानी की एक बूंद भी नहीं आई है।
समाजसेवी नरेंद्र ओझा ने बताया कि जलकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कनेक्शन पालिका को ही जोड़ने हैं, क्योंकि लाइन बिछाने का काम उन्हीं ने किया है। कनेक्शन धारक आशु, कुन्नी सिंह, सुरेश, उमेश, सुशील व अमीन आदि के मुताबिक वे लोग तो दोनों विभाग के चक्कर काटने के अलावा कोई रास्ता नहीं है।
पालिका के अवर अभियंता अरुण सिंह का कहना है कि पालिका काम पाइप लाइन बिछाना था, आगे कनेक्शन जोड़ने का काम जलकल विभाग का है और उन्हीं को करना होगा। उधर, जलकल विभाग के जेई संदीप उपाध्याय से बात की गई तो उन्होंने कहा कि वह इस बारे में पालिका अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का हल कराएंगे।
पढ़ाई से पहले होती है पानी भराई
मोहल्ले के बच्चे सुबह स्कूल जाने से पहले हैंडपंप पर छोटे-छोटे बर्तन लेकर पानी लेने जाते हैं। स्कूल से आने के बाद बच्चों को नहाने के लिए भी हैंडपंपों पर ही जाना पड़ रहा है। दोपहर के वक्त घरों की महिलाएं भी पानी के लिए हैंडपंप पर खड़ी नजर आती हैं।
बारिश व गर्मी होती तो बढ़ती मुसीबत
मोहल्ले के सतेंद्र कुमार और राजू के मुताबिक गनीमत है कि भीषण गर्मी नहीं है वर्ना पानी के बिना हालात और भी खराब हो सकते थे। इतना ही नहीं जहां से लाइन खोदी गई थी, उसे भी मिट्टी डालकर छोड़ दिया गया है। बारिश में इससे कीचड़ होना भी तय है। न जाने कौन सी घड़ी होगी, जब समस्या से निजात मिल सकेगी। यदि एक दो दिन में समाधान नहीं होगा तो मोहल्ले के लोग पालिका दफ्तर पर हल्ला बोलेंगे।