अतर्रा। फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर युवती ने दूसरी युवती की आपत्तिजनक फोटो अपलोड कर दी। पीड़िता की तहरीर पर शातिर युवती के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
कस्बे के एक मोहल्ले में रहने वाली युवती ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि बांदा शहर के इंद्रप्रस्थ मोहल्ला निवासी संतोषी गुप्ता उर्फ खुशी ने उसके नाम की फर्जी फेसबुक आईडी बनाई और उसमें आपत्तिजनक फोटो अपलोड कर रही है। इसकी शिकायत उसने पूर्व में भी थाना पुलिस से की थी। एक मई को दोबारा उसकी फेसबुक आईडी बनाकर फोटो अपलोड कर बदनाम किया जा रहा है।
थाना पुलिस ने आरोपित युवती के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और सोशल मीडिया के दुरुपयोग किए जाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। इंसपेक्टर पंकज सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।