बांदा। मिड-डे मील में गड़बड़ी और स्कूल अध्यापकों के साथ अभद्रता और धौंस-धमकी जैसे आरोपों में तिंदवारी क्षेत्र के अमलोर गांव की ग्राम प्रधान जय देवी को डीएम ने ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया है। 15 दिन में संतोषजनक जवान न मिलने पर पंचायती राज अधिनियम के तहत वित्तीय और प्रशासनिक अधिकार सीज कर देने की चेतावनी दी है। ग्राम प्रधान को जिला पंचायती राज अधिकारी भी पूर्व में नोटिस दे चुके हैं। ग्राम पंचायत सदस्य शत्रुघन सिंह, संग्राम सिंह, रघुवीर सिंह, रामप्रताप सिंह आदि ने शपथ पत्र के साथ डीएम को दिए शिकायतीपत्र में कहा कि प्रधान पति मनमाने ढंग से पंचायत के काम करा रहे हैं। निर्माण कार्यों में सरकारी धन का दुरुपयोग किया। ग्राम सभा की बैठक नहीं बुलाई। उधर, डीएम द्वारा जारी नोटिस में बीएसए के पत्र का हवाला देकर कहा गया कि मिड-डे मील में अधिक छात्र संख्या अंकित करने का अध्यापकों पर दबाव डाला जाता है। डीपीआरओ ने भी मार्च में प्रधान को नोटिस दी थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। एबीएसए ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि मिड-डे मील में गड़बड़ी की जा रही है। ड्रेस वितरण में प्रधानपति अनाधिकृत हस्तक्षेप करते हैं।