नरैनी। स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांवों में बनाए गए अधिकतर सामुदायिक शौचालयों पर ताले लटक रहे हैं। इसका इस्तेमाल ग्रामीण नहीं कर पा रहे हैं। इसको लेकर अफसरों ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है।
ब्लॉक के रक्सी गांव में सामुदायिक शौचालयों शुरू न होने पर बीडीओ प्रमोद कुमार ने ग्राम पंचायत सचिव शशि प्रकाश और दो पूर्व सचिवों विनय यादव, सुरेश वर्मा को नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा है।
बीडीओ ने कहा कि गांवों को खुले में शौच मुक्त रखने के लिए व्यक्तिगत शौचालयों सहित सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया गया है। पूर्व सचिवों ने निर्माण की संपूर्ण राशि का आहरण करने के बाद भी इसका संचालन नहीं हो रहा।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायतें होने पर सहायक विकास अधिकारी पंचायत ने कई बार शौचालय का संचालन कराने के आदेश दिए गए है, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। चेतावनी दी है कि तीन दिन के अंदर शौचालय का संचालन किस वजह से शुरू नहीं हुआ स्पष्टीकरण दें। अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।