बांदा। डीआईजी साहब मेरे बेटे की हत्या की गई है। मुझे न्याय चाहिए। महोबा निवासी एक पिता ने डीआईजी से मिलकर बेटे की मौत मामले में जांच की गुहार लगाई है। उसने कहा कि आरोपियों के खिलाफ एफआईआर न होने से वह परेशान है।
महोबा जिले के कबरई थाना क्षेत्र के खरका गांव निवासी बाबू सिंह ने डीआईजी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके पुत्र ऋषिराज सिंह को 31 अगस्त को पड़ोसी युवक बाइक से क्रेशर में काम कराने की बात कहकर ले गया था। उसके पुत्र की लाश पुलिया के पास खंती पर पड़ी मिली थी।
उसका पोस्टमार्टम दो सितंबर को कराया था। उसने कबरई पुलिस को तहरीर दी। लेकिन पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट नहीं दर्ज की। सोमवार को वह डीआईजी कार्यालय आया, यहां उसने घटना की जांच और कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया है। डीआईजी ने जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।