बांदा। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश विधान परिषद में प्रतिपक्ष के नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी अब उत्तर प्रदेश के आधा दर्जन से भी ज्यादा मंडलों का प्रभार संभालेंगे। बसपा सुप्रीमो मायावती ने उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कमान सौंपी है। इसके साथ वह उत्तराखंड के भी प्रभारी बनाए गए हैं। पूर्व में भी वह उत्तराखंड और दिल्ली के प्रभारी रह चुके हैं। श्री सिद्दीकी ने बताया कि पार्टी सुप्रीमो ने उन्हें उत्तराखंड के साथ उत्तर प्रदेश के सात मंडलों लखनऊ, सहारनपुर, मेरठ, बरेली, मुरादाबाद, आगरा और अलीगढ़ का प्रभार सौंपा है। कानपुर मंडल के प्रभार से मुक्त रखने के उनके खुद के अनुरोध को बसपा अध्यक्ष ने स्वीकार लिया। श्री सिद्दीकी ने बताया कि पूरे प्रदेश में हर वर्ग का रुझान तेजी से बसपा की ओर बढ़ा है। गुंडाराज और अपराधों से प्रदेश के लोग बुरी तरह परेशान हो चुके हैं। बसपा अकेले प्रदेश की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।