कमासिन। नवजात की मौत के बाद मां ने भी दम तोड़ दिया। महिला की यह आठवीं संतान थी, मौत की वजह अस्पताल में डिलीवरी न होना और कमजोरी माना जा रहा है। हालांकि परिजनों के हंगामे के बाद पुलिस ने शव का पोस्टामार्टम कराया है।
थाना क्षेत्र के पछौंहा गांव निवासी सोनिया (40) को मंगलवार की शाम चार बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिजन उसे कमासिन सीएचसी ले गए। वहां प्रभारी चिकित्साधिकारी हेमंत ने खून की कमी और पैर में सूजन होने की वजह से उसका प्राथमिक उपचार कर बांदा जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल लाने की बजाए घर ले गए। वहां शाम सात बजे उसने एक मृत बच्चे को जन्म दिया, उसके एक घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया। मृतका के पति रज्जन ने बताया कि यह उसकी आठवीं संतान थी। उसके छह पुत्रियां और एक पुत्र है। वह सफाई कर्मी है। उधर, घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के भाई नरेश निवासी नारायणपुर ने पति पर लापरवाही और सही से इलाज न कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उसने मृतका के पोस्टमार्टम की मांग की। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष संदीप सिंह ने बताया कि प्रसव के दौरान मौत हुई है। परिजनों ने मौत का कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया है। क्राइम जैसी कोई संभावना नहीं है।