बांदा। नगर पालिका परिषद ने भीषण गर्मी में राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए इसी माह करीब एक लाख रुपये खर्च कर वॉटर कूलर लगवाया था। दस दिन के बाद ही अराजकतत्वों ने रात में उसे तोड़कर फेंक दिया। सभासद ने जांच व कार्रवाई की मांग की है।
गायत्री नगर चौराहा वार्ड-3 में नगर पालिका ने चार जून को एक लाख रुपये की लागत से वाटर कूलर लगवाया था। इस चौराहे पर प्रतिदिन बबेरू, कमासिन, बिसंडा, ओरन, आरटीओ आफिस आदि जाने वाले हजारों राहगीर रुकते व गुजरते हैं। उन्हें इस भीषण गर्मी में बोतल व पाउच खरीदकर पीनी पड़ रही थी।
लोगों की मांग पर लगवाया गया वाटर कूलर शुक्रवार की रात अराजकतत्वों ने तोड़कर फेंक दिया। सभासद चंदन देवी व उनके प्रतिनिधि रामबिहारी साहू ने नगर पालिका ईओ व जिला प्रशासन को पत्र देकर इससे अवगत कराया और जांच तथा कार्रवाई की मांग की। उधर, ईओ नीलम चौधरी ने बताया कि वाटर कूलर तोड़ने की शिकायत मिलने पर मौके की जांच की है। अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है। जल्द ही दूसरा वाटर कूलर लगाया जाएगा।