बांदा जिले में अतर्रा कस्बा के संतोषी माता मंदिर बदौसा रोड निवासी सुनील सोनी की पत्नी सीमा संदिग्ध परिस्थितियों में 20 तारीख की रात आग से गंभीर रूप से झुलस गई थी। रविवार को महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी। उसके एक साल की बेटी अवन्तिका है।
मृतका के पिता उमाशंकर सोनी ग्राम खोरा, थाना धरमपुर जिला पन्ना मध्यप्रदेश ने ससुरालियों पर दहेज के लिए पुत्री को प्रताड़ित करने व जलाकर मारने का आरोप लगाया है। मृतका के जेठ मुकेश ने बताया कि घटना के वक्त पति पत्नी अपने कमरे में थे, सीमा आग में जल गई थी। उसका उपचार करा रहे थे। रविवार को उसकी मौत हो गई है। कोतवाली निरीक्षक अनूप दुबे ने कहा कि मामले में तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।