बांदा/बबेरू। शादी के तीन महीने बाद पति से हुई कहासुनी पर नव विवाहिता ने फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय पति एक निमंत्रण में गया था।
मरका थाना क्षेत्र के खेरा गांव निवासी गौरा देवी (23) ने शुक्रवार को दोपहर अपने घर में साड़ी से पंखे के छल्ले में फंदा लगा लिया। पति उमराव घटना के समय एक निमंत्रण में कमासिन गांव गया हुआ था। उमराव ने बताया कि घरेलू बात को लेकर शुक्रवार को सुबह कहासुनी हो गई थी।
उधर, गौरा के मायके तरायां गांव से आए पिता ओमप्रकाश ने बताया कि उसने अपनी पुत्री गौरा की शादी 18 अप्रैल को की थी। शुक्रवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी में आपसी कहासुनी हुई है। उन्हें कोई कार्रवाई नहीं करनी है। सूचना पर नायब तहसीलदार राहुल गौरव ने पहुंचकर बयान दर्ज किए हैं।
थानाध्यक्ष उमेश कुमार का कहना है जेठ के द्वारा सूचना दी गई है। मायके पक्ष के लोगों ने कोई तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।