पैलानी/तिंदवारी (बांदा)। खप्टिहाकलां के परमहंस श्री रणछोड़ दास इंटर कॉलेज में बुधवार को मिशन शक्ति कार्यक्रम हुआ। सीओ और थानाध्यक्ष ने छात्राओं से कहा कि साइबर अपराध के प्रति जागरूक होना जरूरी है। घर में बहन-भाई को दोस्त बनाएं। कोई घटना होती है तो तुरंत जानकारी दें।
सीओ अजय कुमार सिंह ने छात्राओं को सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया। साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया। कहा कि मोबाइल पर कोई भी ओटीपी शेयर न करें। बालिकाओं को टोल फ्री नंबर, महिला हेल्प डेस्क, महिला सुरक्षा 1090, यूपी-112 ,महिला आशा ज्योति केंद्र, साइबर सेल और साइबर अपराध की विस्तार से जानकारी दी। एलसीडी लगाकर बालिकाओं को प्रेरणाप्रद लघु फिल्म दिखाई गई।
शिक्षिका अंकिता द्विवेदी, निर्मला शुक्ला व जानकी देवी ने मिशन शक्ति कार्यक्रम के बारे में बताया। प्रशिक्षक अनुजिका पांडेय ने बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए कराटे के टिप्स दिए। थानाध्यक्ष आनंद कुमार ने साइबर अपराध के बारे में बताया। चौकी इंचार्ज खप्टिहाकलां राजेश मिश्रा,प्रधानाचार्य प्रकाश द्विवेदी, डॉ. देवेंद्र द्विवेदी, लक्ष्मणदास, रमेश बाबू, रामपाल प्रजापति, भाजपा नेता नीरज सिंह आदि मौजूद रहे।
वहीं, जसपुरा के नांदादेव गांव स्थित पंचायत भवन व प्राथमिक विद्यालय में मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी, आशा, पंचायत सहायक, पंचायत मित्र एवं महिलाओं को जागरूक किया गया। उपनिरीक्षक दिलीप यादव, हेड कांस्टेबल लालचंद्र, अर्चना देवी, सुहारती, विक्रम सिंह सहित ग्राम प्रधान रोहित कुमार निषाद आदि उपस्थित रहे।
छात्राओं को दी गुड टच बैड टच की जानकारी
तिंदवारी। सब इंस्पेक्टर रोशनी सेंगर व कांस्टेबल मोहिनी तिवारी ने गोखरही गांव स्थित विद्यालय में मिशन शक्ति के तहत महिलाओं और बच्चियों को जागरूक किया। नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन के बारे में बताया। छात्राओं को गुड और बैड टच के बारे में समझाया। बालिकाओं ने भी उनसे सवाल किए।