चित्रकूट । रानी लक्ष्मी बाई महिला सम्मान कोष योजना के अंतर्गत जिला संचालन समिति के स्तर पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक डीएम अभिषेक आंनद व एसपी वृंदा शुक्ला की उपस्थिति में हुई। डीएम ने एडीएम से कहा कि ड्रग इंस्पेक्टर के साथ एक कमेटी बनाकर मेडिकल स्टोर पर कफ सीरप व नशीली दवाओं का निरीक्षण कराया जाए। उसमें खासकर विद्यालयों के आसपास की दुकानों में छापेमारी अवश्य की जाए।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक में डीएम ने मुख्य चिकित्साधीक्षक से कहा कि रानी लक्ष्मीबाई महिला सम्मान कोष योजना की पत्रावलियां नोडल अधिकारी के पास लंबित हैं उनका तत्काल निस्तारण कराया जाए। जिला प्रोबेशन अधिकारी से कहा कि जो प्रकरण पाक्सो एक्ट के हैं उसमें एडीएम वित्त एवं राजस्व, एएसपी व संयुक्त निदेशक अभियोजन के साथ बैठक करके रिपोर्ट प्रस्तुत करें जो प्रकरण है उनको निस्तारित करते हुए लाभ दिलाया जा सके।
बैठक में एसपी ने अभियान में पुलिस का हर तरह का सहयोग कराने का आश्वासन दिया है। जिला आबकारी अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि नशा मुक्ति के लिए नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के सेवन से हानि के बारे में प्रचार-प्रसार कराया जाता है। सभी मेडिकल स्टोरों में सघन चेकिंग भी की जाए। इस मौके पर एडीएम कुंवर बहादुर सिंह, एएसपी चक्रपाणि त्रिपाठी, रामबाबू विश्वकर्मा, ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, विनय दीक्षित, आरके चौरिहा, सुधीर कुमार व देवेंद्र स्वरूप आदि मौजूद रहे।