बांदा। अधिवक्ताओं के चैंबर हटाने व दो युवा अधिवक्ताओं पर फर्जी केस दर्ज करने के विरोध में वकीलों का कार्य बहिष्कार जारी है। मंगलवार को वकीलों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। घूम-घूम कर नारेबाजी की।
कचहरी परिसर में बने कुछ अधिवक्ताओं के बस्ते हटाने व कचहरी से घर जा रहे दो युवा अधिवक्ताओं को रास्ते से उठाकर पुलिस द्वारा फर्जी मुकदमा कायम करने के विरोध में अधिवक्ता पिछले 11 दिनों से हड़ताल पर हैं। अधिवक्ताओं की मांग है कि वकीलों के बस्ते उसी जगह पर बनवाएं जाएं और युवा अधिवक्ताओं पर दर्ज फर्जी मुकदमा वापस लिया जाएं। मांगे पूरी न होने से नाराज अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मंगलवार को काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया।
इसके बाद अशोक लाट चौराहे पर जनसभा की। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजेश दुबे ने कहा कि अधिवक्ता अनुशासन में रहते हुए अपनी लड़ाई जारी रखें। अधिवक्ता अशोक दीक्षित ने कहा कि अधिवक्ताओं का सम्मान की बात है, लड़ाई आरपार की होगी।
सभा को पूर्व बार संघ अध्यक्ष शंकर सिंह, रामस्वरूप सिंह, अवधेश गुप्ता, बार संघ सचिव ओम प्रकाश सिंह गौतम, द्वारिकेश मंडेला ने संबोधित किया। इस मौके पर उमाशंकर, धनराज सिंह, राम मिलन पटेल, यदुनाथ सिहं, रामप्रकाश, मनोज निगम लाला आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।