बांदा। मुंबई पुलिस की सूचना पर जीआरपी ने किशोर कुमार की नातिन के घर चोरी के आरोपी युवक को यहां गिरफ्तार कर लिया।
मटौंध थाना क्षेत्र के अछरौड़ का मूल निवासी हर प्रसाद उर्फ लाला पुत्र दुर्गा मौजूदा में निम्नीपार में रह रहा है। वह मुंबई में नौकरी करता था। बुधवार को वह तुलसी एक्सप्रेस से घर लौटा था। जैसे ही ट्रेन से बांदा प्लेटफार्म में उतरा उसे जीआरपी ने पकड़ लिया। इसकी सूचना मुंबई पुलिस को दी। जीआरपी का कहना है कि आरोपी के विरुद्ध मुंबई सांताक्रूज निवासी कुमारी वृंदा अमित गांगुली ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसके पास बड़ी मात्रा में सामान है। वृंदा फिल्मी अभिनेता व गायक किशोर कुमार की नातिन बताई जाती हैं। देर रात मुंबई पुलिस ने आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया।