बांदा। खेल दिवस पर स्पोर्ट्स स्टेडियम में मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देकर याद किया गया। जिला स्तरीय हाॅकी प्रतियोगिता में छह टीमें शामिल हुईं। खानकाह की टीम ने फाइनल मैच में जितेंद्र एकेडमी को हराया।
उप जिला क्रीड़ाधिकारी कल्पना कमल सहित वरिष्ठ खिलाड़ियों ने खेल दिवस पर हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद जिला स्तरीय हॉकी अंडर-14 बालक वर्ग की प्रतियोगिता हुई। इसमें स्टेडियम बी, स्टेडियम ए, जीके एकेडमी, एमए बाल विकास विद्यालय, जितेंद्र शर्मा एकेडमी व खानकाह इंटर कॉलेज की टीमों ने प्रतिभाग किया। उद्घाटन मैच स्टेडियम बी व जितेंद्र एकेडमी टीम के बीच हुआ। इसमें जितेंद्र एकेडमी 8-1 से विजयी रही। दूसरा मैच स्टेडियम ए व खानकाह इंटर कॉलेज के बीच हुआ। इसमें खानकाह ने 2-0 से जीत हासिल की। फाइनल मैच खानकाह इंटर कॉलेज व जितेंद्र एकेडमी के बीच हुआ। खानकाह ने 6-2 के अंतर से फाइनल जीत लिया। इसके पहले उप जिलाक्रीड़ाधिकारी कल्पना कमल व हाकी के सीनियर खिलाड़ी सैयद अहमद मगरबी ने परिचय प्राप्त किया। निर्णायक शाहिद वली खां, रईस अहमद, फरजाना, वर्षा साहू रहीं। शुक्रवार को शाम खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
कबड्डी व खो-खो प्रतियोगिता में दिखाया दम
बबेरू। कमासिन पूर्व माध्यमिक विद्यालय पन्नाह खेल मैदान में कबड्डी व खो- खो खेल प्रतियोगिताएं हुईं। इसमें विभिन्न आयु वर्ग की टीमों ने प्रतिभाग किया। बच्चों को खेल की उपयोगिता के बारे में बताया गया। प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में खेल शिक्षक चुन्ना पाल, राकेश सिंह , ब्लॉक व्यायाम शिक्षक आनंद सिंह गौतम, प्रधानाध्यापक सत्यप्रकाश पटेल,खेल प्रशिक्षक राजेश करवरिया, महेश कुमार, राजबहादुर, सुशील सिंह आदि उपस्थित रहे। कैलाशपति इंटर कॉलेज बेर्रांव में क्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता हुई। बालक/बालिका सीनियर वर्ग, जूनियर वर्ग, तथा सब जूनियर वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता का प्रधानाचार्य कृष्णावतार चतुर्वेदी ने टॉस कराकर शुभारंभ कराया। आदर्श इंटर कॉलेज बिसंडा, जेपी शर्मा इंटर कॉलेज बबेरू, विनोबा इंटर कॉलेज कमासिन,जय दुर्गे इंटर कॉलेज बीरा,जय भारत इंटर कॉलेज मुरवल ,कैलाशपति इंटर कॉलेज बेर्रांव टीमों ने भाग लिया। खेल प्रशिक्षक कृष्ण देव भारती, सुमित मलिक, जितेंद्र यादव, विवेक यादव आदि उपस्थित रहे।