बांदा। कोरोना कर्फ्यू में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति व मूल्य नियंत्रण से संबंधित कलक्ट्रेट में व्यापारियों की बैठक हुई। व्यापारियों ने बताया कि इस समय आटा, चावल, आलू, प्याज व हरी सब्जियों की आपूर्ति पर्याप्त मात्रा में हो रही है। अरहर दाल की आपूर्ति बाहर से होती है। मध्य प्रदेश की मंडियां बंद होने से दालों की आपूर्ति प्रभावित हो रही है। कुछ दिनों में यह दिक्कत भी खत्म हो जाएगी। विटामिन-सी युक्त संतरे की कीमत अधिक होने का कारण अबकी नागपुर में कम पैदावार होना बताया गया। नीबू की आपूर्ति मांग के अनुरूप कम हो रही है। एडीएम संतोष बहादुर सिंह ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि जमाखोरी, कालाबाजारी व मूल्य अधिक लेने वाले दुकानदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करें। जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार तिवारी, प्रभारी सचिव मंडी रवींद्र कुमार तिवारी, व्यापारी मनीष, विष्णु कुमार, अरविंद दुबे, अब्दुल हकीम, सुनील कुमार, राकेश आदि मौजूद रहे। (संवाद)