नरैनी। रामभक्तों ने गुरुवार को अक्षत कलश लेकर शोभायात्रा ब्लाॅक सभागार से निकाली। संघ के विभाग विचारक मनोज ने श्रीराम की ध्वजा फहराकर यात्रा का शुभारंभ किया। अक्षत कलश का पूजन रामलीला मैदान में किया। क्षेत्र के संत भी यात्रा में शामिल हुए।
अक्षत कलश से बंधे कलावे को छूकर भक्तों ने प्रभु राम के प्रति अपनी श्रद्धा प्रस्तुत की। गाजे बाजे की धुन पर अक्षत कलश यात्रा कस्बे के ब्लाॅक सभागार से होकर मुख्य चौराहे से होते हुए रामलीला मैदान तक शंखनाद और जय घोष के साथ निकली। बग्घियों में सजी भगवान की झांकियों को देखकर कस्बा वासी मंत्र मुग्ध हो गए। करीब 200 महिलाएं कलश के साथ यात्रा में सबसे आगे रही । युवा रामधुन पर झूमते और नाचते भगवान राम के नारे लगाते आगे बढ़ रहे थे। शोभायात्रा मुख्य चौक से होते हुए बांदा मार्ग स्थित विश्राम गृह के सामने से घूमकर अतर्रा मार्ग होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। जहां साधु-संतों ने सभी झांकियों की पूजा अर्चना की। इस अवसर पर आरएसएस के जिला संघचालक सुरेंद्र पाठक, पूर्व प्रांत सह संघ चालक वीरेंद्र चतुर्वेदी, क्षेत्रीय विधायक ओम मणी वर्मा, पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्र ,ब्लाक प्रमुख मनफूल सिंह पटेल, विनोद दीक्षित,विपिन दीक्षित,अनूप,यश, कमलाकांत द्विवेदी,ओमप्रकाश पाण्डेय, डा देवेंद्र सिंह भदोरिया ,संतोष शिवहरे, सुशील शर्मा,अशोक राजपूत , अरुण सोनी आदि रहे।