बांदा। मायके से टेंपाे में बैठकर भरुआसुमेरपुर जा रही महिला के जेवरों व रुपये से भरा बैग पार हो गया। महिला ने जसपुरा थाना प्रभारी पर रिपोर्ट दर्ज न करने का आरोप लगाया है।
झांसी जिले के गरौठा तहसील के पहरा गांव निवासी श्रुति कीर्ति सिंह ने शुक्रवार को एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया कि वह मायके हमीरपुर के भरुआ सुमेरपुर आई थी। शादी में शामिल होने 28 फरवरी को शेखुपुर गांव गई थी। वहां से एक मार्च को मायके पैलानी डेरा से टेंपो पर भरुआ सुमेरपुर जा रही थी। आरोप है कि टेंपो ड्राइवर ने जसपुरा गांव के पास बैग फाड़कर उसमें रखे दो लाख के जेवर और पांच हजार रुपये पार कर दिए। जसपुरा थाने में थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार को तहरीर दी, लेकिन उन्होंने घटना पैलानी थाना क्षेत्र की होने की बात कहते हुए टरका दिया। थाना प्रभारी का कहना है कि घटना पैलानी थाना क्षेत्र की है। महिला पैलानी से टेंपो में सवार हुई थी। इसलिए उसकी रिपोर्ट भी वहीं दर्ज की जाएगी।