चित्रकूट। भगवान श्रीराम की कर्मभूमि में सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए गुरुवार का दिन खास रहा। छात्रों ने पानी की कीमत समझने के साथ ही जल जीवन मिशन की हर घर जल योजना की उपयोगिता भी जानी। छात्रों को परियोजनाओं का भ्रमण करने के साथ जल गुणवत्ता की जांच भी करके दिखाई गई। नमामि गंगे व ग्रामीण जलापूर्ति विभाग की अनूठी पहल जल ज्ञान यात्रा को एडीएम नमामि गंगे एस सुधाकरण व सीडीओ अमृतपाल कौर ने कलक्ट्रेट ऑफिस से रवाना किया। स्कूली बच्चों को सबसे पहले डब्ल्यूटीपी अतरसुई ले जाया गया। जहां उन्हें जल शोधन की प्रक्रिया, महत्ता और उपयोगिता बताई गई। सिलौटा पाइप पेयजल परियोजना पहुंचे स्कूली बच्चों ने गांवों के घर-घर तक पहुंचाई जा रही पेयजल सप्लाई की प्रक्रिया देखी। इसके बाद बच्चों को ओवरहैड टैंक और सीडब्ल्यूआर भी दिखाया गया। फील्ड टेस्ट किट प्रशिक्षित महिलाओं ने जल गुणवत्ता की 11 तरह की जांच दिखाई। कार्यक्रम समापन पर जल की उपयोगिता पर निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। (संवाद)