अतर्रा। पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में एक सप्ताह से चल रहे प्रशिक्षण का शनिवार को समापन हो गया। इसमें छात्र-छात्राओं को वैदिक गणित और उसकी व्यावहारिक उपयोगिता पर जानकारी दी गई। महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के बीएससी के छात्र-छात्राओं ने प्रशिक्षण में प्रतिभाग किया। एक सप्ताह तक चले प्रशिक्षण कार्यक्रम में कॉलेज के अलग-अलग प्रोफेसर द्वारा वैदिक गणित के महत्व पर छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षित किया गया। संस्कृत विभाग के डा. तरुण कुमार शर्मा ने वेदों के महत्व को बताया। गणित विभाग के प्रो मिथिलेश पांडेय ने प्राचीन काल से चले आ रहे गणित विषय के महत्व को बताया। बीएड विभाग के डा. राजीव अग्रवाल ने वैदिक गणित के 16 सूत्र और 13 उपसूत्रों की विस्तार से जानकारी दी। कालेज प्राचार्य पीपी पुरवार कॉलेज प्रबंधक डा. योगेंद्र सिंह सहित शिक्षक मौजूद रहे।