बांदा। बिसंडा थाना क्षेत्र के सिंहपुरमाफी चौकी में फरियादी के साथ गए जिला पंचायत सदस्य व भाजपा कार्यकर्ता के साथ चौकी इंचार्ज ने अभद्रता की। अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए मोबाइल छीनकर जमीन में पटक दिया और जेल भेजने की धमकी दे डाली। मंगलवार को जिला पंचायत सदस्यों ने जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल के नेतृत्व में डीएम को ज्ञापन सौंपकर प्रकरण की जांच कराकर दोषी चौकी इंचार्ज व सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने व कार्रवाई की मांग की है।
सिंहपुरमाफी गांव निवासी व बिसंडा वार्ड नंबर-27 से भाजपा जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर सिंह ने डीएम नगेंद्र प्रताप को सौंपे शिकायती पत्र में आरोप लगाते हुए बताया कि वह सोमवार 22 जुलाई को सुबह सवा 11 बजे फरियादी सिंहपुरमाफी गांव निवासी लवलेश कुमार के साथ पुलिस चौकी सिंहपुरमाफी गए थे। वहां चौकी इंचार्ज राजेश मिश्रा व सिपाही व लवलेश का प्रतिवादी रज्जन पाठक मौजूद थे। दोनों के बीच एक खेत की सीमा पर स्थित बबूल का पेड़ था। जिसे लवलेश ने काट डाला था। लवलेश ने जैसे ही अपना पक्ष रखा तो चौकी इंचार्ज आक्रोशित हो गए और अभद्रता कर मारपीट कर दी। इस पर जिला पंचायत सदस्य ने मारपीट का विरोध किया तो आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने उनके साथ भी अभद्रता कर अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। इस पर जिला पंचायत सदस्य ने अपना मोबाइल खोलकर फोटो वीडियो बनाने का प्रयास किया तो वहां मौजूद सिपाही दिनेश कुमार ने मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया। अपमानित कर शांतिभंग में चालान करने की धमकी देकर भगा दिया।
इस प्रकरण से जिला पंचायत सदस्यों में आक्रोश है। मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह पटेल के नेतृत्व में कलक्ट्रेट में डीएम नगेंद्र प्रताप को शिकायती पत्र सौंपा है। मौके पर एएसपी लक्ष्मी निवास मिश्र भी मौजूद रहे। डीएम व एएसपी ने जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया है। एएसपी ने बताया कि सीओ बबेरू को जांच सौंपी गई है। तीन दिन में जांच पूरी कर देने को कहा गया है।