बांदा। शादी समारोह के दौरान पूर्व विधायक के रिश्तेदार के साथ मेजबानों ने अभद्रता कर उनके गनर की राइफल और कारतूस छीनने की कोशिश की। गनर की तहरीर पर आरोपी तीन भाइयों व उनकी बेटी के खिलाफ मरका थाने में मामला दर्ज किया गया है।
मरका थाना क्षेत्र के मऊ गांव के मजरा कुसुमिहन पुरवा निवासी संतोष कुमार गौतम पूर्व विधायक स्व. पुरुषोत्तम नरेश द्विवेदी के साले हैं। 23 फरवरी 2021 की रात उनके घर में डकैती पड़ी थी। सशस्त्र बदमाशों ने संतोष, उनकी मां सूरजकली, पत्नी वंदना और बेटी पलक को बंधक बनाकर मारा पीटा था। वारदात के बाद संतोष गौतम की सुरक्षा के लिए मरका थाने में तैनात आरक्षी योगेश गुप्ता को उनकी सुरक्षा में तैनात किया गया था।
तीन फरवरी को संतोष गौतम अपने गनर योगेश के साथ मजरा सिकरिहा पुरवा निवासी अनिल उर्फ रज्जन की पुत्री की शादी में शिरकत करने गए थे। उसी दौरान रज्जन उर्फ अनिल उनके भाई नीरज, अनूप कुमार व अनिल की पुत्री स्वीटी ने एकाएक उसे व संतोष गौतम को देखते ही आग बबूला हो गए। अभद्रता करते हुए इंसास राइफल व 20 कारतूस (मैगजीन) छीनने का प्रयास किया। किसी तरह से उसने इंसास राइफल छिनने से बचा ली। गनर की तहरीर पर मरका थाने में आरोपी तीनों भाइयों व पुत्री के खिलाफ लूट की धारा में रिपोर्ट दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष मरका रमेश कुमार ने बताया कि आरक्षी की तहरीर पर लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।