बांदा। उच्चीकृत मंडलीय चिकित्सालय में शुक्रवार को आई फ्लू बीमारी से संबंधित जागरूकता शिविर लगाया गया। मंडलायुक्त आरपी सिंह ने कहा कि आंख शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है। यदि किसी व्यक्ति को आंखों में दर्द, आंख लाल होना आदि समस्या है तो वह चिकित्सीय सहायता लें। अस्पताल में पर्चा और दवा काउंटर शुरू हो गए हैं। शुक्रवार को 50 ने पंजीयन कराया।
मंडलायुक्त और डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने मंडलीय चिकित्सालय में चल रहीं ओपीडी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पर्चा और दवा काउंटर को देखा। शिविर में नेत्र विशेषज्ञ डॉ. एसपी गुप्ता ने बताया कि आई फ्लू होने आंख में खुजली, दर्द, चकाचौंध होने लगती है। आंख लाल हो जाती है। इसके बचाव के लिए आंख को शुद्ध ठंडे पानी से धोएं, साफ रुमाल और तौलिए का उपयोग करें। धूल, धुआं व धूप से आंखों को बचाएं। धूप में निकलते समय काले चश्में का प्रयोग करें।
अतर्रा पैरामेडिकल साइंस की छात्राओं ने अर्चना तिवारी के नेतृत्व में आई फ्लू से बचाव के लिए नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इस मौके पर अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. विजय पथ द्विवेदी, सीएमओ अनिल श्रीवास्तव, सीएमएस डॉ. एसएन मिश्रा, डॉ. वीपी वर्मा, डॉ. मनोज राजपूत आदि मौजूद रहे।