बांदा। बिजली संकट से परेशान मंडल मुख्यालय सीमा से जुड़े गांव बड़ोखर खुर्द के ग्रामीणों ने दो दिन में बिजली आपूर्ति में सुधार न होने पर बांदा-मिर्जापुर नेशनल हाईवे जाम कर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
मंडलायुक्त और डीएम कार्यालय पहुंचे ग्रामीणों ने सामूहिक हस्ताक्षर वाले ज्ञापन में कहा कि दो माह से बड़ोखर खुर्द गांव में बिजली का संकट है। आए दिन तार टूट रहे हैं। वोल्टेज लो है। दिन-रात कटौती हो रही है। गरमी में नीद के साथ खेती का काम भी प्रभावित हो रहा है। लोग बीमार पड़ रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि जेई और लाइनमैन कोई तवज्जो नहीं दे रहे।
ट्रांसफार्मर या लाइन का फाल्ट दुरुस्त कराने के लिए ग्रामीण उपभोक्ता आपस में पैसा जुटाकर लाइनमैन को देते हैं। तभी फाल्ट ठीक किया जाता है। ग्रामीणों ने खबरदार किया है कि दो दिन में सुधार न हुआ तो गांव के पास स्थित हाई वे पर जाम लगा देंगे। ज्ञापन देने वालों में सत्येन्द्र कुमार सोनू यादव, पुष्येंद्र विश्वकर्मा, धीरेंद्र कुमार, सद्दाम, रवींद्र , आनंद किशोर, सुशील दुबे आदि शामिल रहे। संवाद