बांदा। पति की पिटाई से आहत होकर महिला ने आत्महत्या की थी। मृतका के पिता ने दामाद पर शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना से पहले मृतका ने पिता को फोन पर जानकारी भी दी थी।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पड़मई गांव निवासी विमला (22) ने सोमवार की सुबह साड़ी के फंदे से लटककर जान दे दी थी। जेठ दिनेश का पुत्र अजय (15) जब ट्यूशन से लौटा तो दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला। बाद में परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो विमला के शव को फंदे से लटका देखा। घटना के संबंध में सुकेदी फतेहपुर निवासी मृतका के पिता रामस्वरूप ने बताया कि विमला की शादी 10 मई 2021 को हुई थी।
दामाद नीरज प्रतिदिन शराब पीता था और मारपीट करता था। सोमवार को सुबह पुत्री ने फोन पर पूरी घटना बताई थी। तब उन्होंने आने की बात कही थी। दो घंटे बाद ही बेटी के खुदकुशी करने की सूचना मिली। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। नरैनी कोतवाली इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि अब तक मायके पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।