बांदा। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार समेत 15 सूत्री मांगों को लेकर जदयू की प्रदेश उपाध्यक्ष शालिनी सिंह पटेल का अशोक लाट पर चल रहा आमरण अनशन रविवार को सातवें दिन भी जारी रहा। हालांकि तबीयत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया लेकिन उन्होंने अनशन समाप्त करने से इन्कार कर दिया। शालिनी सिंह ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि वह 21 सितंबर से मांगों को लेकर आमरण अनशन पर हैं। इससे पूर्व जिलाधिकारी और मंडलायुक्त को भी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की जा चुकी है। 24 सितंबर को जेडीयू महिला जिलाध्यक्ष पिंकी प्रजापति के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई थी। (संवाद)