खुदाई से जल भराव और मकानों की धंस रही नींव।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। लंबे अरसे से सफाई न होने पर जाम हो गई नाली बारिश के पानी में उफना पड़ी। घरों में पानी भरने से उत्तेजित लोगों ने सड़क पर जमा लगाया। नगर पालिका और प्रशासन से जाम नाली खुलवाने के बजाए पुरानी पुख्ता नाली के ऊपर जेसीबी से खुदाई कर नाली बना दी। अब इस नाली में लगातार हो रहे जल बहाव से किनारे स्थित मकानों को खतरा पैदा हो गया। कटाने से मकान की बुनियादें बहती जा रही हैं। मामला मर्दननाका अवस्थी पुल के पास का है। एक माह से नाली चोक थी। नगर पालिका में सफाई नहीं कराई। बारिश में हालात बिगड़े तो सिटी मजिस्ट्रेट, पुलिस क्षेत्राधिकारी और नगर पालिका ईओ ने आनन-फानन भूमिगत नाली के ऊपर जेसीबी से नाली खुदवा दी। बारिश का पानी खोदी गई इसी नाली से बह रहा है। नतीजे में कटान हो रही है। निर्वाचन विभाग के वरिष्ठ लिपिक रहीम बक्श के मकान की नींव धसने की कगार पर है। इसी प्रकार अन्य मकानों की स्थिति है। सोमवार को शाम ईओ वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने मौके पर जाकर यह हालात देखे। कहा कि जल्द ही निर्माण शुरू होगा।